Maharajganj News : महराजगंज में आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश, दोषियों की गिरफ़्तारी पर अड़े लोग

    11-Oct-2025
Total Views |

महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिन्दुरिया में शरारती तत्वों ने गांव के पश्चिम तरफ बौद्ध विहार परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार लोग बौद्ध विहार की ओर गए तो मूर्ति के हाथ और नाक को खंडित अवस्था में देखा।

लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तत्काल पीआरबी पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग बौद्ध विहार स्थल पर जुट गए। सूचना पर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत करते हुए मूर्ति को पुनः स्थापित कराने का आश्वासन दिया और घटना की जांच शुरू कर दी है।

मौके पर जुटे ग्रामीण रामसुरेश, रामरक्षा, रोशनलाल, अजय भारती, रामाज्ञा, गोविंद, जगतनारायण, शैलेश, रामसागर, मदनलाल, शिवमंगल, मुन्ना, महाबीर, अभिषेक और दिलीप कुमार सहित सैकड़ों लोग मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मूर्ति को ठीक कराया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पहुंचे बसपाई, कार्रवाई की मांग इसी क्रम में बसपा जिलाध्यक्ष नारद राव के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और केस दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। कार्यकर्ताओं ने क्षतिग्रस्त मूर्ति के स्थान पर नई मूर्ति लगाने की मांग की। साथ ही सीसीटीवी कैमरा लगवाने की व्यवस्था करने की जरूरत जताई। इस पर प्रशासन की ओर से सार्थक कार्रवाई का आश्वासन मिला।