Maharajganj News : दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 178 किलो बेसन सीज, जांच को भेजे गए पनीर के नमूने

    11-Oct-2025
Total Views |

महराजगंज।
दीपावली पर्व पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसीक्रम में शुक्रवार को नगर में अभियान चलाकर बेसन और पनीर के नमूने लिए। साथ ही 178 किलोग्राम बेसन को सीज कर दिया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह और हंसराज प्रसाद ने चौक बाजार में जायसवाल किराना के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजधानी ब्रांड के बेसन की बोरियों पर निर्माण का पता और तिथि का अंकन नहीं पाया गया, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।

इसके परिणामस्वरूप टीम ने 178 किलोग्राम बेसन को सीज कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया। साथ ही, बेसन का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। इसी क्रम में, धनेवा धनेई में मद्धेशिया जलपान गृह का निरीक्षण किया गया। जहां से पनीर का नमूना लिया गया।

पनीर के नमूने क को भी जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया गया। इस दौरान टीम ने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, विभिन्न दुकानों पर मोबाइल वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थों का त्वरित परीक्षण किया गया और दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।