Maharajganj News : दीपावली के बाद इतने घटे सोने चांदी के दाम, लोग खरीदने लगे वजनदार गहने
25-Oct-2025
Total Views |
महराजगंज। करवा चौथ से दीपावली पर्व तक छलांग लगाने वाली सोने और चांदी की चमक अब धुंधली पड़ने लगी है। 20 अक्तूबर तक 1.89 लाख रुपये किलो की दर से बिकी चांदी का रेट गिरकर 1.59 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं 1.32 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की दर से गिरकर 24 कैरेट सोना अब 1.26 लाख रुपये पर बिक रहा है। रेट घटने के बाद बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है।
सोना व चांदी के दाम गिरने के बाद सहालग को ध्यान में रखते हुए लोगों ने खरीदारी की तैयारी में हैं। शायद यही कारण भी है कि त्योहार के बाद भी सराफा बाजार में चहल-पहल कम नहीं हो रही है।
कारोबारी भी असमंजस में हैं। उनके मुताबिक, यह गिरावट कब तक बनी रहेगी यह कहना मुश्किल है। हालांकि घटी कीमतों ने खरीदारी को उत्साहित जरूर कर दिया है। सोना व चांदी निवेश के सशक्त माध्यम बनने के कारण इनके दाम लगातार बढ़ रहे थे। हालांकि दीपावली बीतते ही इनके भाव गिरे हैं।
सराफा कारोबारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि दीपावली में 999 हाल मार्क वाली चांदी 1.89 लाख रुपये प्रति किलो की दर तक पहुंची थी लेकिन 24 अक्तूबर को रेट 1.59 लाख रुपये किलो रहा। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना का रेट भी 1.32 लाख रुपये से गिरकर 1.26 लाख तक पहुंच गया है। इस गिरावट के बाद भी बिक्री में कोई कमी नहीं आई है बल्कि इन दिनों बिक्री बढ़ी है।
विवेक सोनी ने बताया कि रेट घटने के कारण सहालग को ध्यान में रखते हुए लोग बेटी व बहू के लिए वजनदार गहनों की खरीद कर रहे हैं। रेट घटने से बिक्री बढ़ी है।
मुख्यालय निवासी राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि नवंबर में बिटिया की शादी तय है। बढ़ी कीमतों के कारण अब तक जेवर नहीं खरीद सके थे, दाम घटने पर वजनदार गहनों की खरीदारी की है।