Maharajganj News : गाना बंद करने को कहना पड़ा महंगा, चाकू से हमले में युवक घायल
26-Oct-2025
Total Views |
ठूठीबारी। मोबाइल से गेम खेल रहे एक युवक के गाना बंद करने को कहने से आक्रोशित तीन युवकों ने मिलकर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे युवक लहुलुहान हो गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे बरगदवां नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया गया है कि बरगदवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नरायनपुर निवासी ब्रह्मा साहनी गांव में शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे मोबाइल से गेम खेल रहा था।
उसी दौरान गांव के तीन युवक उसके पास आकर मोबाइल पर गाना बजाने लगे। इस पर गेम खेल रहे ब्रह्मा साहनी ने उन्हें गाना बजाने से मना किया। इस पर कहासुनी के बाद तीनों युवक ब्रह्मा साहनी को बुरी तरह से मारने-पीटने के साथ ही चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इससे ब्रह्मा साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस संबंध में बरगदवां थानाध्यक्ष योगेन्द्र कुमार ने बताया कि घायल युवक के पिता राधे साहनी की तहरीर पर हरिंदर साहनी, अनिल साहनी, जयहिंद साहनी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करके विधिक कार्रवाई की जा रही है।