Maharajganj News : गाँव वालों को शक था जादू टोने का, महिला को निर्वस्त्र करके गाँव में घुमाया, वीडियो वायरल

    29-Oct-2025
Total Views |

महराजगंज। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। एक महिला को निर्वस्त्र करके घुमाने का वीडियो वायरल हो रहा है।

आरोप है कि महिला आधी रात को श्मशान घाट पर जादू टोना कर रही थी। मौके पर दो तांत्रिक भी थे। जादू टोना करने वाला सामान रखा था। लोगों को देख तांत्रिक मौके से फरार हो गए, जबकि महिला को पकड़ लिया गया। उसके साथ मारपीट की। कपड़े खींचकर उसे पीटते हुए नग्न करके गांव में घुमाया। इस दौरान लोग उसका वीडियो बनाते रहे। किसी ने उसे छुड़ाने का प्रयास नहीं किया।

वीडियो धनतेरस की रात 18 अक्टूबर का बताया जा रहा है। जो आज 29 अक्टूबर को सामने आया है। वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो अफसर एक्टिव हुए। पुलिस महिला के घर पहुंची लेकिन घर पर कोई नहीं मिला। पूरा मामला पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है।


पनियरा थाना क्षेत्र गांव में धनतेरस के दिन आधी रात करीब साढ़े 12 बजे एक महिला श्मशान घाट पर दो सोखा (तांत्रिक) के साथ पूजा-पाठ कर रही थी। इसी दौरान आवाज आने पर किसी की नजर पड़ी तो उसने गांव वालों को बुला लिया। 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि महिला निर्वस्त्र होकर तंत्र-मंत्र कर रही थी। वो तंत्र मंत्र कर भूतों को जगाने का प्रयास कर रही थी।

भीड़ देख महिला के साथ बैठे दो तांत्रिक मौका पाकर फरार हो गए। जबकि महिला को लोगों ने दबोच लिया। उन्होंने महिला को पीटना शुरू कर दिया। महिला खुद को बचाने के लिए चिल्लाती रही, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी एक न सुनी। महिला ने कपड़े उठाकर खुद को कवर करने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने चादर खींच ली।

वीडियो में लोग उसे पीटते हुए पूछ रहे हैं कि यहां क्या कर रही हो। जादू टोना कर रही थी क्या? इसके बाद कई युवक उसे पीटते हुए चादर खींचकर जमीन पर गिरा देते हैं। उसके साथ छेड़छाड़ कर पीटते नजर आ रहे हैं, जबकि महिला लोगों से बचने की जद्दोजहद करती नजर आ रही है।

किसी तरह महिला ने खुद को चादर से कवर किया। लेकिन लोगों ने उसे नहीं छोड़ा। गांव में ले जाकर उसे घुमाया। बाद में किसी तरह परिवार वालों को सूचना मिली तो पति मौके पर पहुंचा। उसे बचाकर घर लाया।

मौके पर लाल रंग का कपड़ा और जादू टोना करने वाला सामान पड़ा था। एक खाली गिलास, एक टैट्रापैक, कुछ फूल और माचिस की तीली, एक छोटा और एक बड़ा दीपक रखा था।

बताया जाता है कि लोकलाज के चलते बीते दिन मंगलवार को महिला ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया लेकिन पति ने उसे बचा लिया। बाद में दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित महिला एक गरीब परिवार से है और उसका पति गुटखा बेचने का काम करता है।

मामले को लेकर पनियरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया - घटना की जांच की जा रही है और कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। महिला के घर टीम गई थी, वो घर पर नहीं मिली। उसकी तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।