Maharajganj News : 1 नवंबर से धान खरीद की उलटी गिनती शुरू, 2.28 लाख टन का लक्ष्य, किसानों की उम्मीदें जगी
31-Oct-2025
Total Views |
महराजगंज। जिले में पहली नवंबर से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू की जाएगी। इसके लिए 126 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर धान खरीद की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। खरीद शुरू होने से दो दिन पूर्व सभी केंद्रों को सक्रिय कर दिया जाएगा। धान का खरीद मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पिछली बार से इस बार 69 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।
जिले में दो लाख 28 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।किसानों की सुविधा के लिए केंद्रों पर धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। अब तक 6100 किसानों ने विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
क्रय केंद्रों पर जो किसान अपना धान लेकर जाएंगे, उसकी सफाई करने के बाद तौलाई की जाएगी। यदि केंद्र प्रभारी को लगेगा कि धान साफ है तो उसकी सफाई नहीं की जाएगी। किसानों को उनके उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने क्रय केंद्रों की स्थापना की है। इसका लाभ उठाने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
पंजीकरण कराते ही उनका ऑनलाइन सत्यापन हो जाएगा।धान का क्रय होने के 72 घंटे के अंदर किसान के के खाते में पैसा चला जाएगा। जो किसान अपना धान क्रय केंद्र पर बेचना चाहते हैं वे जल्द से जल्द अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा लें।