Maharajganj News : यातायात नियम तोड़ा ? अब भरो चालान

    11-Nov-2025
Total Views |

महराजगंज। यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। प्रभारी यातायात अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने टीम के साथ कस्बा निचलौल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह अभियान यातायात माह नवंबर 2025 के तहत चलाया गया।


अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने निचलौल क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में संचालित बसों व अन्य वाहनों की गहन जांच की। वाहनों की फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल), सीसीटीवी कैमरा, सेफ्टी मेजर गैस किट, फायर एक्सटिंग्विशर और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी अनिवार्य सुविधाओं को चेक किया गया।

प्रभारी यातायात अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई। कुल 13 स्कूली वाहनों का चालान किया गया और उनसे 28,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने चालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।