Maharajganj News : सरहद के गोदामों से तस्कर दिल्ली तक कैसे पहुंचा रहे ये चाइनीज़ चीज

    18-Nov-2025
Total Views |

निचलौल।
नेपाल बार्डर पर इन दिनों तरबूज बीज की तस्करी करने वाले धंधेबाज काफी सक्रिय हो चुके हैं। धंधेबाज चीन की तरबूज बीज को नेपाल के रास्ते सरहद पर तस्करी कर दिल्ली, उत्तराखंड, कानपुर सहित अन्य बड़े बाजारों में पहुंचकर मोटी रकम कमा रहे हैं। धंधेबाज तरबूज बीज को नेपाल से भारत में लाकर ढाई गुना मुनाफा में बेच रहे हैं। बीते 9 नवंबर को सरहद पर तरबूज का बीज बरामद हुआ था।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, किसानों के हित में कृषि मंत्रालय की ओर से तरबूज के बीजों का आयात पर पाबंदी लगा दी गई है। ऐसे में तरबूज के बीजों के अवैध आयात को लेकर सरकार सख्त है। धंधेबाज इसका फायदा उठा रहे हैं। धंधेबाजों को चाइनीज तरबूज बीज नेपाल में 250 से 300 रुपये प्रति किलो के बीच आसानी से मिल जाती है।


धंधेबाज तरबूज बीज की खरीदारी कर सरहद से सटे आबादी के पास गोदामों में डंप कर देते हैं। फिर मौका मिलते ही कैरियरों की मदद से तरबूज बीज को भारतीय सीमा क्षेत्र में पहुंचा देते हैं।

फिर बड़े वाहनों से तरबूज बीज को दिल्ली, उत्तराखंड, कानपुर सहित अन्य बड़े शहरों के बाजारों में भेज दिया जाता है। इन बाजारों में तरबूज बीज करीब ढाई गुना अधिक मूल्य पर आसानी से बिक जाता है।

सरहद पर सुरक्षा एजेंसियों की टीम अवैध गतिविधियों और धंधों पर रोकथाम लगाने के लिए निगरानी में लगी हुई है।