Maharajganj Politics : जनता दर्शन में उठी समस्याएं ! मंत्री पंकज चौधरी ने लिए कौन से बड़े फैसले ?

    24-Nov-2025
Total Views |

महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज स्थित अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में ऐसा माहौल बना जैसे वर्षों से आम लोगों के दबे दर्द बाहर आए गये हों। आम जनता से मिलकर मंत्री जी ने उनकी समस्याएं सुनीं।

संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही एसआईआर फार्म भरकर बीएलओ को सौंपते हुए मतदाता शुद्धीकरण अभियान को मजबूत संदेश दिया। सोमवार की सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन, राजस्व एवं स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं, जिन पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया। जनता दर्शन के दौरान मंत्री पंकज चौधरी ने स्वयं अपने एसआईआर से संबंधित वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म को भरकर जमा किया।

उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा शुरू किया गया एसआईआर अभियान मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उनके अनुसार यह अभियान केवल नाम जोड़ने या हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि फर्जी, दोहरे और गलत प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें हटाने की एक सुदृढ़ व्यवस्था है।


इससे न केवल वास्तविक मतदाताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि चुनाव प्रक्रिया भी और अधिक निष्पक्ष व पारदर्शी बनेगी। मंत्री ने जोर देकर कहा कि आज जब समाज और तकनीक तेजी से बदल रहे हैं, ऐसे में वोटर लिस्ट की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। एसआईआर की पहल यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी व्यक्ति दोहरी प्रविष्टियों या फर्जी पहचान के आधार पर मतदान न कर सके।





इससे उन तमाम अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा जो वर्षों से चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करती रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, अपने और अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी का सत्यापन कराते हुए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि सुदृढ़ मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव का मार्ग प्रशस्त करती है, और यही भारत के लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि एसआईआर अभियान जिले में जागरूकता और सहभागिता के नए आयाम स्थापित करेगा।