Maharajganj News : निर्माण के 1 साल बाद भी बंद लक्ज़री अतिथि गृह! देवदह पहुंचे सैकड़ों पर्यटक आसमान के नीचे सोने को मजबूर

    28-Nov-2025
Total Views |

लक्ष्मीपुर। लक्ष्मीपुर ब्लॉक में प्राचीन बौद्ध स्थल देवदह में अतिथि गृह और विपश्यना हॉल पर्यटकों के लिए बेमतलब साबित हो रहा है। निर्माण के करीब एक वर्ष बाद भी अभी तक इसे पर्यटकों के लिए नहीं खोला गया है। इस वजह से पर्यटकों को निराशा हाथ लग रही है।

देवदह में हर रोज सैकड़ों की संख्या में पर्यटकों का आवागमन लगा हुआ है। देवदह बौद्ध विकास समिति ने सरकार से मांग की है कि अतिथि गृह को पर्यटकों के लिए जल्द से जल्द खोल दिया जाए।

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीपुर के बनरसिहा कला में गौतम बुद्ध के ननिहाल देवदह में प्राचीन बौद्ध स्तूप है। यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से अतिथि गृह व विपश्यना हॉल करीब एक वर्ष पहले बना था। लेकिन इसे बौद्ध पर्यटकों के लिए खोला नहीं गया है। जबकि यहां हर रोज सैकड़ों पर्यटकों का आवागमन होता है। उन्हें रात में विश्राम करने में काफी परेशानी होती है।


शैलेश कुमार भाष्कर, बुद्धसेन, बलिराम, दीपक, राजेंद्र आदि ने बताया कि करीब 100 की संख्या में पर्यटक महराजगंज से कपिलवस्तु और लुम्बिनी जाते समय मंगलवार को शाम के समय बनरसिहा कला देवदह पहुंचे लेकिन रात में विश्राम करने की कोई व्यवस्था नहीं थी।

पर्यटकों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ी। देवदह बौद्ध विकास समिति, नौतनवा के अध्यक्ष जितेन्द्र राव ने बताया कि पर्यटकों की प्राचीन बौद्ध स्थल देवदह स्तूप की पूजा-वंदना करने देश-विदेश से यहां पर्यटकों का आवागमन होता है। मगर उन्हें यहां ठहरने में काफी दिक्कतें होती हैं।

एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार ने बताया कि शासन स्तर पर बनरसिहा कला प्राचीन बौद्ध स्थल के विकास के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। पर्यटकों को जल्द ही बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।