Maharajganj News : पेड़ पर लटका युवक… दावत खाने की बात कहकर निकला, सुबह मिला शव—आखिर जूते पहने कैसे चढ़ा?

    28-Nov-2025
Total Views |

महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर उर्फ पड़वनिया गाँव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। क्षेत्र निवासी एक युवक का शव शुक्रवार को बसंपुर सिवान स्थित देवरिया ब्रांच नहर की पटरी के पास पेड़ से लटका मिला।

शव मिलते ही सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। लोग घटना को संदेह की नजर से देख रहे हैं। गांव निवासी 28 वर्षीय शेषमणि यादव गुरुवार की शाम लगभग सात बजे घर से दावत खाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।


परिजनों ने उसकी तलाश की पर उसका कहीं कोई पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे तभी अर्जुन के पेड़ से लटका शव दिखा। लोगों ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान होने पर इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि शव पेड़ से उतरवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जमीन से पांच फिट ऊंचाई पर लटका था शव प्रत्यदर्शियों के अनुसार शव जमीन से करीब पांच फिट ऊंचाई पर लटका था। मृतक के पांव में जूता पड़ा हुआ था और पहने हुए जिंस पैंट के दाहिने पैकेट से एक मोबाइल मिला।

लोगों में सवाल उठ रहा था कि जूता पहने हुए कोई व्यक्ति पेड़ पर कैसे चढ़ सकता है? मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को संदेहास्पद बताया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।