Maharajganj News : ब्रेसलेट पर लिखा 'संजना', बाएं पैर में 6 उँगलियाँ ! पोखरे में उतराती मिली लाश

    04-Nov-2025
Total Views |

महराजगंज
। मंगलवार की सुबह जनपद के नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 10 स्थित मास्टर कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलोनी के पीछे बने पोखरे में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सुबह करीब सात बजे कुछ महिलाएं रोजमर्रा की तरह पोखरे के किनारे गई थीं, तभी उन्होंने पानी में एक महिला की लाश को किनारे की ओर आते देखा।

सूत्रों के अनुसार, महिलाओं ने तत्काल आसपास के लोगों को जानकारी दी और कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। मृतका के गले में मंगलसूत्र, कानों में झुमका और बाएं हाथ में ब्रेसलेट आकार का धागा बंधा हुआ मिला, जिस पर अंग्रेजी में “Sanjana” लिखा हुआ है। इसके अलावा, महिला के बाएं पैर में छह उंगलियां होने की जानकारी भी सामने आई है, जो उसकी पहचान का अहम सुराग बन सकती है।


स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कोई इसे हत्या का मामला मान रहा है तो कोई इसे आत्महत्या की संभावना बता रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मृत्यु के कारणों का पता चल सके।

थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है ताकि अगर किसी महिला की गुमशुदगी दर्ज हो तो मिलान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

इस घटना के बाद से मास्टर कॉलोनी क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल व्याप्त है। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर महिला कौन थी और वह वहां कैसे पहुंची। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।