Gorakhpur News : छठ के बाद लौटने वालों की बढ़ी भीड़, रेलवे ने अचानक चलाई 5 पूजा स्पेशल ट्रेनें
06-Nov-2025
Total Views |
Gorakhpur News : गोरखपुर में छठ पर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दिल्ली, मुंबई और कोलकाता के लिए पांच पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। ये ट्रेनें 14 नवंबर तक अलग-अलग तिथियों पर चलाई जाएंगी, जिससे गोरखपुर और आसपास के यात्रियों को सफर में बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए गोरखपुर समेत छपरा, सिवान और बलिया स्टेशनों पर अधिकारियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी लगाई है। स्टेशन पर CCTV कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। वार रूम से अधिकारी सभी स्टेशनों की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत निर्देश जारी करेंगे।
छपरा-आनंद विहार अनारक्षित स्पेशल (05089/05090) 6 नवंबर को छपरा से रात 10 बजे चलेगी और गोरखपुर से रात 2:25 बजे होकर अगले दिन दोपहर 3:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी यात्रा 7 नवंबर को शाम 6 बजे आनंद विहार से चलेगी और अगले दिन सुबह 7:40 बजे गोरखपुर पहुंचते हुए दोपहर 2 बजे छपरा पहुंचेगी।
छपरा-आनंद विहार अनारक्षित स्पेशल (05589/05590) 7 और 8 नवंबर को छपरा से दोपहर 3 बजे प्रस्थान करेगी और गोरखपुर से रात 9:25 बजे छूटेगी। अगले दिन सुबह 10:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी यात्रा 8 और 9 नवंबर को आनंद विहार से दोपहर 1 बजे चलेगी और देर रात गोरखपुर पहुंचते हुए सुबह 9 बजे छपरा पहुंचेगी।
छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल (05587/05588) 7 नवंबर को छपरा से रात 10:45 बजे रवाना होगी और गोरखपुर से 2:25 बजे छूटकर तीसरे दिन दोपहर 12 बजे मुंबई (एलटीटी) पहुंचेगी। वापसी यात्रा 9 नवंबर को दोपहर 2 बजे मुंबई से चलेगी और दूसरे दिन रात 10:05 बजे गोरखपुर पहुंचते हुए छपरा पहुंचेगी।
सिवान-कोलकाता अनारक्षित स्पेशल (05086/05085) 7 और 8 नवंबर को सिवान से शाम 6:15 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी यात्रा 8 और 9 नवंबर को कोलकाता से शाम 6 बजे चलेगी और दूसरे दिन दोपहर 1:45 बजे सिवान पहुंचेगी।
छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल (05089/05090) 8 नवंबर को छपरा से रात 10:45 बजे चलेगी और गोरखपुर से 2:25 बजे होकर तीसरे दिन दोपहर 12 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी यात्रा 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे मुंबई से चलेगी और अगले दिन रात 10:05 बजे गोरखपुर पहुंचते हुए देर रात छपरा पहुंचेगी।
त्योहार और चुनाव के बाद भीड़ को संभालने की तैयारी पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बिहार चुनाव और छठ पर्व के बाद ट्रेनों में भारी भीड़ की संभावना है। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर कुछ ट्रेनें रिजर्व रखी गई हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तुरंत चलाया जाएगा।
रेलवे ने प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई है। भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन के हर प्रवेश द्वार पर निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र भी सक्रिय किए गए हैं ताकि समय, रूट और प्लेटफॉर्म की जानकारी तुरंत दी जा सके।