Maharajganj News : कई सवाल पीछे छोड़ गया कुंडी से लटकता विवाहिता का शव
01-Dec-2025
Total Views |
कोल्हुई। ग्राम महुवारी टोला सिंहपुर में पति से विवाद के बाद विवाहिता का शव घर की कुंडी से फंदे लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है। हालांकि विवाहिता की मां ने तहरीर देकर मामले के जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम महुवारी टोला सिंहपुर निवासी विवाहिता मनीषा का शनिवार को पति रामरतन पासवान से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ससुराल के पक्ष का कहना है कि नाराज होकर शनिवार आधी रात के बाद में मनीषा ने घर में कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी तब हुई जब रामरतन काफी देर बाद अपने कमरे में पहुंचा। कमरे का दृश्य देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। घर में मौजूद परिजनों ने महिला को फंदे से उतारा और बनकटी सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
बताया जा रहा है दोनों की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। शुरुआती समय में तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन कुछ महीने बाद दोनों में अक्सर विवाद होते रहते थे। विवाहिता की मां ने थाने में तहरीर देकर ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोल्हुई थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विवाहिता की मां ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।