Maharajganj News : सुबह 9 बजे तक धुंध का कहर… थमी ठंड, लेकिन कोहरे ने थाम ली रफ्तार

    11-Dec-2025
Total Views |

महराजगंज। अब तक लगातार लुढ़क रहा मौसम का पारा स्थिर हुआ तो कोहरे ने वाहन चालकों की दुश्वारी बढ़ा दी। बुधवार को जनपद में कोहरे की अधिकता के कारण दृश्यता प्रभावित हुई। सुबह 9 बजे के बाद कोहरा छंटा तब जाकर धूप से लोगों को राहत मिली।

बुधवार को अधिकतम तापमान पिछले दिन की तरह 23 डिग्री व न्यूनतम 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान स्थिर होने से ठंड का प्रभाव तो कुछ कम महसूस हुआ लेकिन सुबह 9 बजे तक छाए कोहरे की सघनता का असर सड़क पर दिखाई दिया।


वाहनों की रफ्तार सीमित रही और कोहरे से मोर्चा लेते हुए चार पहिया वाहन चालक वाइपर व इंडीकेटर जलाकर रेंगते देखे गए। कोहरे के कारण फर्राटा भरने वाले बाइक सवार भी संभलकर चलते देखे गए। 9 बजे के बाद कोहरा छंटा तो धूप खिली। लेकिन दोपहर एक बजे के बाद छह किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली पछुआ ने ठंड के साथ धुंध की स्थिति बनाने का कार्य किया। शाम चार बजे के बाद एक बार फिर दृश्यता कम हो गई।