Maharajganj News : आधी रात हुआ ये हादसा ! झोपड़ी में घुसी बोलेरो, सोते युवक की मौत, चालक गंभीर

    15-Dec-2025
Total Views |

निचलौल। थाना क्षेत्र के बहुआर मार्ग स्थित ढेसो पुल के पास शनिवार देर रात में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर झोपड़ी में जा घुसी। इस दौरान झोपड़ी के अंदर सो रहा एक युवक और बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर जुटे लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दोनों घायल युवकों की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर एक घायल युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।


जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र निवासी सूरज (26) बुजुर्ग मां के साथ निचलौल बहुआर मार्ग स्थित ढेसो पुल के पास झोपड़ी डालकर रहते थे। सूरज की आर्थिक हालात ठीक नहीं होने के चलते बुजुर्ग मां के साथ भिक्षाटन कर जीवन यापन कर रहा था। शनिवार रात को सूरज खाना खाने के बाद झोपड़ी के अंदर मां के साथ सोया हुआ था। इसी बीच निचलौल की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गई। दुर्घटना में सूरज की मौत हो गई।

सूरज की मां को हल्की चोटें आई हैं। जबकि बोलेरो चालक रवि भारती निवासी बजही गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की भी हालत नाजुक बनी हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक सूरज की मौत हो गई है जबकि चालक का इलाज चल रहा है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।