Cyber fraud With Gajendra Singh Chauhan : महाभारत के युधिष्ठिर के साथ हुआ कांड… ठग ले उड़े ₹98 हजार, फिर मुंबई पुलिस ने ऐसे पलटा खेल

    20-Dec-2025
Total Views |

Cyber fraud With Gajendra Singh Chauhan : क्या आपको महाभारत के युधिष्ठिर याद हैं ? महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले अभिनेता गजेंद्र सिंह चौहान साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए, लेकिन मुंबई पुलिस की तेज़ कार्रवाई से पूरी रकम वापस मिल गई।

69 साल के गजेंद्र चौहान मुंबई के अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला-ओशिवारा इलाके में रहते हैं। 10 दिसंबर को उन्होंने फेसबुक पर डी-मार्ट के नाम से सूखे मेवों की भारी छूट वाला एक विज्ञापन देखा। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्होंने सामान ऑर्डर किया। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया।

ओटीपी डालते ही कुछ ही सेकंड में उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 98 हजार रुपये कट गए। मैसेज मिलते ही उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत ओशिवारा पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी संजय चव्हाण और आनंद पगारे के निर्देश पर साइबर टीम ने तुरंत जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पैसे रेज़रपे के जरिए क्रोमा से जुड़े एक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने बैंक और संबंधित कंपनियों से संपर्क किया और समय रहते ट्रांजैक्शन रोक दिया। इसके बाद पूरी रकम गजेंद्र चौहान के खाते में वापस आ गई। गजेंद्र चौहान ने इस मदद के लिए मुंबई पुलिस और ओशिवारा पुलिस का धन्यवाद किया।

गजेंद्र चौहान का जन्म 10 अक्टूबर 1956 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली के रामजस स्कूल से पढ़ाई की और एम्स से रेडियोग्राफी का डिप्लोमा किया। बाद में वह अभिनय सीखने मुंबई आए। उन्होंने 1983 में टीवी सीरियल पेइंग गेस्ट से करियर की शुरुआत की।

इसके बाद रजनी, एयर होस्टेस और अदालत जैसे सीरियल किए। फिल्मों में भी उन्होंने काम किया, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान बी.आर. चोपड़ा के महाभारत सीरियल में युधिष्ठिर की भूमिका से मिली।