भूसा मशीन से उठी चिंगारी ने 5 एकड़ गेहूं की फसल को जलाया, किसान झुलसा

    30-Mar-2025
Total Views |

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा सोहट गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब भूसा बनाने वाली मशीन से उठी चिंगारी ने खेतों में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में किसान रामकिशोर दूबे झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए लक्ष्मीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया।

गांव के सीवान में किसान भूसा मशीन से काम कर रहे थे कि अचानक मशीन से निकली चिंगारी ने पास की गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत ट्रैक्टर से खेत की जोताई कर आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक किसानों घनश्याम पाठक, शैलेश पाठक, विश्वनाथ दूबे और रामकिशोर दूबे की पांच एकड़ फसल जल चुकी थी।

थानाध्यक्ष कोल्हुई अरविंद सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया है। प्रशासन की ओर से क्षति का आकलन किया जा रहा है।