महिला से दो साल से छेड़खानी, विरोध पर जला दी गेहूं की फसल

    30-Mar-2025
Total Views |

महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर पिछले दो वर्षों से छेड़खानी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा है, और जब उसने विरोध किया तो उसकी 50 डिसमिल गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, उसके पति की मृत्यु 10 साल पहले हो चुकी है। आरोपी युवक रास्ते में छेड़खानी करता है और गलत इरादे से उसे लगातार परेशान कर रहा है। इससे पहले भी महिला ने विरोध किया था, तो आरोपी ने उसका नल तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी थी।

शुक्रवार की शाम जब आरोपी ने फिर छेड़खानी की और महिला ने विरोध किया, तो उसने गुस्से में आकर उसकी खड़ी फसल जला दी। इस आगजनी में पड़ोसी के खेत भी जलकर राख हो गए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उस पर दबाव बना रहा है और धमकियां दे रहा है।

पीड़िता ने ठूठीबारी कोतवाली में शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस मामले पर कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।