महराजगंज। भीषण उमस के बीच शनिवार को शहरवासियों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बैकुंठपुर विद्युत उपकेंद्र में तकनीकी खराबी के कारण दोपहर दो बजे शहर के दो मुख्य फीडर जलकल और महराजगंज की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। यह आपूर्ति शाम साढ़े चार बजे के बाद ही बहाल हो सकी। करीब ढाई घंटे तक बिजली न रहने से शहर के 12 वार्डों के लोग बेहाल रहे और गर्मी में काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
हालांकि शासन ने जिला मुख्यालय की नगर पालिका महराजगंज को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का वादा किया है, फिर भी तकनीकी खराबी ने शहरवासियों को बड़ी मुश्किल में डाल दिया। अवर अभियंता की टीम मौके पर पहुंचकर फॉल्ट सुधारने में जुट गई और काफी मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल की गई।
बिजली गुल रहने वाले वार्ड:
बैकुंठपुर, शिवनगर, अमरूतिया, जयप्रकाशनगर, पंतनगर, अशोकनगर, सुबासनगर, वीरबहादुरनगर, सक्सेनानगर, मऊपाकड़, आजादनगर और धनेवा-धनेई।
अवर अभियंताओं के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है जो फॉल्ट और तकनीकी खराबियों को जल्द से जल्द दूर करने का कार्य कर रही है। उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति देना विभाग की प्राथमिकता है।