महराजगंज। विकासखंड परतावल के धर्मपुर स्थित ‘द होप क्लासेस’ के छात्रों ने उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2024 में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों स्तरों पर विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराया।
इंटरमीडिएट परीक्षा:
संस्था के छात्र विवेक शुक्ला ने 87.6% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने गणित में 97 और भौतिक विज्ञान में 94 अंक प्राप्त किए। विकास गुप्ता ने 84% अंकों के साथ द्वितीय स्थान और गरिमा चौरसिया ने 82.2% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। गरिमा ने रसायन विज्ञान में 91 अंक और जीव विज्ञान में 84 अंक प्राप्त किए, जबकि विकास सिंह ने अंग्रेजी में 92 अंक हासिल किए।
हाईस्कूल परीक्षा:
दसवीं कक्षा में युवराज पटेल ने 88.33% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पाया। विश्वास मद्धेशिया ने 86.16% अंकों के साथ द्वितीय स्थान और आनंद गुप्ता ने 85% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। विश्वास ने गणित में 95 और हिंदी में 92 अंक अर्जित किए, वहीं युवराज पटेल ने विज्ञान में 89 अंक हासिल किए। आनंद गुप्ता और बलजीत ने चित्रकला में 93 अंक प्राप्त किए। बलजीत ने सामाजिक विज्ञान में भी 85 अंक अर्जित किए।
छात्रों की इस उपलब्धि पर संस्था में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव प्रसाद जायसवाल और बालाजी अकैडमी के डायरेक्टर अविनाश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। समारोह में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और शील्ड, मेडल व कॉफी कप देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक संगम शुक्ला, प्रधानाचार्य शंभू शरण चौबे, राजन जायसवाल, पंकज जायसवाल, महातम विश्वकर्मा, बृज मोहन पांडेय, अभिषेक जायसवाल, अनिकेत प्रजापति, बाबूलाल साहनी, सीमा जायसवाल, चांदनी, अंकिता, गरिमा वर्मा, लक्ष्मी त्रिपाठी और लक्ष्मी मद्धेशिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।