बदलेगा मौसम का मिजाज: 4 से 7 मई तक बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि के आसार

तेज पुरवाई और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदल रहा मौसम, आंचलिक मौसम केंद्र ने जारी किया अलर्ट

Aapan Maharajganj    03-May-2025
Total Views |

 
weather

महराजगंज। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही। शाम तक मौसम साफ रहा, लेकिन रात आठ बजे के बाद दोबारा बादलों की आवाजाही शुरू हो गई।
 
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 से 7 मई के बीच जिले में बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार को हवा की गति 25 से 35 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
 
उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान से लेकर केरल तक एक शुष्क रेखा (ड्राई लाइन) बन रही है, जो उत्तर प्रदेश तक प्रभाव डाल रही है। इसके अलावा, पहले से ही प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रभावों के कारण तेज पुरवाई चलेगी और बारिश के आसार बन रहे हैं।
 
विशेषज्ञों का कहना है कि 4 से 7 मई तक मौसम खराब रह सकता है और वज्रपात व ओलावृष्टि की भी आशंका है। ऐसे में आम जनता और किसानों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।