Maharajganj News : पैसे के विवाद में डंपर चालक की सरिया के वार कर हत्या, पुलिस ने पकड़ा आरोपी
20-Sep-2025
Total Views |
महराजगंज। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी के एकसड़वा स्थित पीएनसी कंस्ट्रक्शन प्लांट में शुक्रवार देर शाम पैसे के लेनदेन को लेकर दो चालकों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान गोरखपुर निवासी चालक पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस केस दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक की पहचान अजय यादव पुत्र रामनयन यादव के रूप में हुई। वह गोरखपुर जिला के बांसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम छेदी डडवा माल्हनपार का रहने वाला था।
कंस्ट्रक्शन कंपनी पीएनसी में डंपर चलाता था। बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम वह कंपनी के ही एक अन्य चालक प्रेम शंकर पांडेय निवासी थाना बरहज, जिला देवरिया के साथ शराब भट्ठी से लौट रहा था। इसी दौरान दोनों में पैसे की लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि बात बढ़ने पर प्रेम शंकर ने अजय के सीने में सरिया से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर कोल्हुई पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हमलावर चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने उसे कुछ ही देर बाद हिरासत में ले लिया। कोल्हुई थानाध्यक्ष गौरव कन्नौजिया ने बताया कि मृतक अजय यादव के पिता रामनयन यादव की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार विवाद की जड़ आपसी पैसों का लेनदेन था। कोल्हुई क्षेत्र के एकसड़वा में शुक्रवार की शाम को कंस्ट्रक्शन कंपनी पीएनसी के दो कर्मियों के बीच मारपीट हो गई।
इसमें आरोप है कि एक कर्मी ने दूसरे कर्मी पर नुकीले सामान से हमला कर दिया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घायल की मौत हो गई। प्रारंभिक पूछताछ में घटना की वजह आपसी पैसों के लेनदेन की बात सामने आ रही है। प्रकरण में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।