Maharajganj News : फायरिंग कांड का आरोपी गिरफ्तार, थानाध्यक्ष भी निलंबित

    27-Sep-2025
Total Views |

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव के पुरुषोत्तमपुर टोला में गुरुवार रात फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी बृजेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ गौतम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह उसे खलीलाबाद से गिरफ्तार किया गया। उधर, मामले में शिथिलता बरतने के आरोप में एसपी ने शुक्रवार को सिंदुरिया थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय को निलंबित कर दिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक राजकुमार सिंह को थानाध्यक्ष बनाया गया है।

मामले के अनुसार, गुरुवार रात करीब नौ बजे पुरुषोत्तमपुर टोला में चोरी की अफवाह उड़ी। ग्रामीण घरों से निकले तो आसमान में एक ड्रोन उड़ता देखा। सूचना पर गांव निवासी बृजेन्द्र बहादुर सिंह (42) भी पहुंच गया और अचानक असलहे से ड्रोन पर फायर करने लगा। ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की तो वह आक्रोशित हो गया और फायर झोंक दिया। इस फायरिंग में ज्योति (14 ), प्रतिमा प्रजापति (16), गीता प्रजापति (14) और नर्वदा (50) गोली का छर्रा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गांव निवासी पितांबर प्रजापति की तहरीर पर सिन्दुरिया पुलिस ने शुक्रवार सुबह ही मामले में केस दर्ज कर लिया। इस बीच सुबह करीब 7:45 बजे मेहदावल बाईपास, संतकबीर नगर से आरोपी बृजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का एक देशी तमंचा और एक फायर किया हुआ खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके आधार पर केस में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। आरोपी को चालान कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि मामले में थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।