Maharajganj News : भाद्रपद पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण के दौरान बंद रहे महराजगंज के प्रमुख मंदिर
07-Sep-2025
Total Views |
महराजगंज। रविवार को भाद्रपद पूर्णिमा पर लगे चंद्रग्रहण के दौरान महाराजगंज जिले के सभी प्रमुख मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए। ग्रहण काल में देव दर्शन निषिद्ध होने के कारण यह कदम उठाया गया।
श्याम मंदिर, हनुमानगढ़ी, दुर्गा मंदिर, आद्रवन लेहड़ा देवी और निचलौल इंटहिया शिव मंदिर के कपाट शाम 5:54 बजे बंद किए गए। श्याम मंदिर के पुजारी राधे-राधे बाबा ने बताया कि ग्रहण का प्रभाव देवताओं पर नहीं पड़ता। लेकिन इस दौरान लोगों का दर्शन वर्जित है।
पंडित विंध्यवासिनी पांडेय के अनुसार, चंद्रग्रहण का सूतक काल दोपहर 12:57 बजे से शुरू हुआ। ग्रहण का स्पर्श रात 9:57 बजे, मध्यकाल रात 11:49 बजे और मोक्ष काल रात्रि 1:27 बजे हुआ।
सनातन धर्म में ग्रहण काल में देव दर्शन, भोजन और धार्मिक अनुष्ठान प्रतिबंधित हैं। इस दौरान केवल ईश्वर का नाम स्मरण करना चाहिए। मोक्ष काल के बाद मंदिरों को गंगाजल से पवित्र किया जाएगा। स्थापित देव प्रतिमाओं का मंत्रोच्चार के साथ स्नान कराया जाएगा।
स्वयंभू शिवलिंग वाले मंदिरों में केवल गंगाजल से स्नान होगा। स्थापित शिवलिंग या देव मंदिरों में पहले पंचगव्य और फिर गंगाजल से स्नान कराया जाएगा। मंदिर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में खोले जाएंगे।