Maharajganj News : वाहन खरीद में महिलाएं आगे, लेकिन DL बनवाने में हैं पीछे
08-Sep-2025
Total Views |
महराजगंज। जिले की महिलाएं वाहनों की खरीद में जहां आगे हैं वहीं चलाने के मामले में पीछे बनी हुई है। विभागीय आंकड़े ही इसे साबित कर रहे हैं। हालांकि बीते दो वर्षों से जागरूकता से महिला डीएल धारकों की संख्या बढ़ रही है।
उप संभागीय परिवहन कार्यालय से जारी आरसी प्रपत्रों के मुताबिक 1.96 लाख वाहन महिलाओं के नाम दर्ज हैं। इसमें स्कूटी, फोर व्हीलर के साथ बस जैसे बड़े वाहन भी शामिल हैं। मालिकाना हक के मामले में जिले की आधी आबादी पुरुषों को टक्कर दे रही क्योंकि कुल पंजीयन 4.96 लाख के आसपास है।
वहीं अगर अब डीएल धारकों पर नजर डालें तो महिलाओं की संख्या महज 4700 तक ही पहुंची है, जबकि पुरुष डीएल धारक चार लाख के आसपास हैं। 4700 महिला डीएल धारकों की संख्या भी बीते दो वर्ष में बढ़ी है। पहले इसके प्रति जागरूकता का न होना एक बड़ा कारण रहा।