Maharajganj News : नौतनवा में महिलाओं के लिए खुलेगा ‘सुरक्षा का घर’! एक ही छत के नीचे मिलेगा इंसाफ, इलाज और सहारा
15-Jan-2026
Total Views |
महराजगंज। नौतनवा तहसील क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं के लिए राहत भरी खबर है। हिंसा, उत्पीड़न और सामाजिक परेशानियों से जूझ रही महिलाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नया वन स्टॉप सेंटर स्थापित किया जाएगा।
शासन स्तर से इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। मार्च से नौतनवा में 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वन स्टॉप सेंटर का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस परियोजना पर कुल 60 लाख रुपये खर्च होंगे।
जानकारी के अनुसार, वन स्टॉप सेंटर की स्थापना का मुख्य उद्देश्य हिंसा, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की सामाजिक और पारिवारिक समस्या से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस केंद्र पर पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सकीय परामर्श, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और पुलिस सहयोग जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
पुरन्दरपुर , कोल्हुई, नौतनवा, परसा मलिक, सोनौली बरगदवा क्षेत्रों के महिलाओं को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें त्वरित न्याय व सहयोग प्राप्त हो सकेगा।
नौतनवा तहसील क्षेत्र में वन स्टॉप सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए केंद्र की स्थापना से नौतनवा और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। प्रस्तावित वन स्टॉप सेंटर भवन 150 वर्गमीटर में तैयार किया जाएगा, जिसमें रिसेप्शन, परामर्श कक्ष, अस्थायी आवास कक्ष, मेडिकल जांच कक्ष, कानूनी सहायता कक्ष और कार्यालय कक्ष की व्यवस्था की जाएगी।
भवन को सुरक्षित और महिला अनुकूल बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही दिव्यांग महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैंप और अन्य सहायक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।