Maharajganj News : तराई में मौसम का बदला मिजाज ! धूप तो निकल रही लेकिन गलन ने कर रखा परेशान

    16-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज। तराई में बीते तीन दिनों से निकल रही धूप ने गिरते तापमान पर ब्रेक लगा रखा है। इसके बावजूद बर्फीली हवाओं के कारण गलन ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने एक बार फिर कोहरे को लेकर जनपद को अलर्ट जोन में रखा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

रविवार को भी तराई में मौसम की मेहरबानी रही और धूप सुबह सात बजे ही खिल गई। खिली धूप के चलते लोगों को स्नानदान तक लगभग सुबह 11 बजे तक गुनगुनी धूप मिली लेकिन इसके बाद पछुआ की रफ्तार बढ़ने लगी जो शाम चार बजे 10 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई।


गलन भरी पछुआ के प्रभाव से दोपहर बाद की धूप से भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। दिन डूबने के बाद हवा की रफ्तार मंद पड़ गई। शाम होते ही कोहरा बढ़ने लगा। शाम को लगभग सात बजे तक आबादी से दूर के इलाके कोहरे की चपेट में रहे लेकिन आबादी वाले हिस्सों में स्थिति सामान्य रही।

आने वाले दिनों में कोहरे में वृद्धि को देखते हुए मौसम विभाग ने जिले को आरेंज अलर्ट जोन में शामिल किया है।