Maharajganj News : धूप निकली तो बस स्टेशन में लौटी रौनक! खिचड़ी और माघ मेला यात्रियों से फिर भरने लगीं बसें

    21-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज। मौसम में सुधार के बाद परिवहन निगम के बस स्टेशन पर खिचड़ी मेला और माघ मेला जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। उधर, माघ मेला में भेजी गई एक दर्जन से अधिक बसों के लौटने से परिवहन निगम की व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। यात्रियों की दुश्वारियां भी कम हो रही हैं।

मौसम में बदलाव के बाद धूप खिलने से लोगाें को गलन भरी सर्दी से राहत मिली है। साथ ही मांगलिक कार्यों के शुरू हो जाने से परिवहन निगम के बस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। बस स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों में तमाम लोग ऐसे भी हैं जो गोरखपुर खिचड़ी मेला देखने जा रहे हैं।


इसके अलावा माघ मेला प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। कड़ाके की ठंड के कारण जो लोग मकर संक्रांति और मौनी आमवस्या पर इन मेलों में नहीं जा सके थे, वे अब जा रहे हैं।

बस स्टेशन पर सबया क्षेत्र के रामपूजन ने बताया कि उनके पिता स्नान के लिए प्रयागराज जाना चाहते थे मकर संक्रांति के दौरान ठंड अधिक होने के कारण उस समय नहीं गए इसलिए वे अब जा रहे हैं। गोरखपुर जाने के लिए आए शिवशंकर ने कहा कि वे परिवार के साथ खिचड़ी मेला जा रहे हैं। दर्शन पूजन करने के बाद मेला देख कर शाम को लौट आएंगे।

परिवहन निगम के डिपो इंचार्ज रमजान अली ने बताया कि धूप होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। माघ मेला में भेजी गईं 30 बसों में से 12 से अधिक बसें लौट आईं हैं। इन बसों को पहले से तय मार्गों पर चलाया जाएगा।