Maharajganj News : डीएम का सख्त अल्टीमेटम: समय पर काम नहीं हुआ तो तय है कार्रवाई, राजस्व–चुनाव अफसरों में हड़कंप
21-Jan-2026
Total Views |
महराजगंज। डीएम संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व एवं निर्वाचन कार्यों की समीक्षा के लिए वर्चुवल समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सदर एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल सहित तीनों तहसीलों फरेन्दा, नौतनवा एवं निचलौल के एसडीएम, तहसीलदार व लेखपाल उपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि समयसीमा में सभी लोग काम पूरा करें।
ऐसा न होने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं निर्वाचन से जुड़े कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी लेखपाल टीम भावना से कार्य करें। किसी भी स्तर पर ऐसी त्रुटि न हो जिससे समस्या उत्पन्न हो।
वर्तमान अंश निर्धारण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने खतौनी में अंकित खातेदार/सह-खातेदार के गाटों में अंश निर्धारण से संबंधित त्रुटियों/लोप अंश की जांच कर संशोधन, अंश निर्धारण, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के संदर्भ में समय से समस्त कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने एसआईआर के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट रोल का स्थलीय सत्यापन कर शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री को महत्वपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यद्यपि यह कार्य कृषि विभाग के पोर्टल से किया जाना है, पर राजस्व विभाग की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। इसमें हो रही शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने इसे एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खतौनी में दर्ज खातेदार/सह-खातेदार कृषकों का स्थलीय सत्यापन कर किसान एवं गैर-किसान का स्पष्ट विभाजन करने, त्रुटिपूर्ण नामों को हटाने तथा ग्रीन, अम्बर एवं रेड लिस्ट के माध्यम से खातों का सही मैपिंग करने को कहा।
एसआईआर विशेष पुनरीक्षण के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कहा कि ईआरओ और एईआरओ मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने वाले मतदाताओं को जारी नोटिस स्वयं रिसीव कराकर पूर्ण विवरण प्राप्त करें। उनके द्वारा कटे एवं नए मतदाताओं तथा महिला मतदाताओं के नामों की जांच कर सूची को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जिन बूथों पर एक ही अनुभाग संख्या अंकित है, उसकी जांच कर सही अंकन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सदर एसडीएम जितेन्द्र सिंह, सदर तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार देशदीपक तिवारी सहित संबंधित लेखपाल उपस्थित रहे।