Maharajganj News : टीबी मरीजों के लिए बड़ी राहत! अब एक क्लिक में मिलेगा पोषण का पैसा, बदली पूरी व्यवस्था

    21-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले में टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित मरीजों के लिए राहत की खबर सामने आयी है। अब टीबी रोगियों को पोषण के लिए मिलने वाली धनराशि का भुगतान स्पर्श पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत सभी टीबी मरीजों का नाम स्पर्श पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, टीबी मरीजों के इलाज, पोषण सहायता भुगतान और उपचार की प्रगति की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर और बिना किसी बाधा के सहायता राशि मिल सके।


वर्ष 2025 तक जिले में कुल 5940 टीबी मरीजों की पहचान की गई थी। इनमें से वर्तमान में करीब 3200 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरीजों को केंद्र सरकार की निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली पोषण सहायता राशि सीधे स्पर्श पोर्टल के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

पोर्टल के माध्यम से मरीज का पंजीकरण, उपचार की स्थिति, दवा सेवन की जानकारी और भुगतान का पूरा विवरण एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही स्पर्श पोर्टल के जरिए मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इलाज के दौरान यदि कोई मरीज बीच में दवा छोड़ता है या फॉलोअप में लापरवाही करता है, तो संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को तुरंत जानकारी मिल जाएगी।