Maharajganj News : अब एक क्लिक में दिखेगा बीमारी का पूरा सच! ई-कवच पोर्टल पर दर्ज होगा एनसीडी का हर रिकॉर्ड
21-Jan-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की रोकथाम, उपचार और निगरानी की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। इसे अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनसीडी कार्यक्रम का ब्यौरा अब ई-कवच पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह व्यवस्था लागू करने के बाद एनसीडी से संबंधित आंकड़ों का डिजिटल संकलन, विश्लेषण और निगरानी सुचारु रूप से की जा सकेगी।
जानकारी के अनुसार, जिले में गैर संचारी रोगों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग और प्रभावी प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाने के लिए कार्ययोजना तैयार की। अभियान की शुरुआत हो चुकी है और उसे 28 फरवरी तक संचालित किया होगी। अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी चिकित्सा अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मुख कैंसर समेत अन्य गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के दौरान चिह्नित मरीजों को निशुल्क जांच, उपचार, दवाएं और आवश्यक क्लीनिकल सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है ताकि बीमारी की गंभीरता को शुरुआती चरण में ही रोका जा सके।
डिप्टी सीएमओ डॉ विक्रम सिंह ने बताया कि एनसीडी से संबंधित सभी आंकड़ों की ई-कवच पोर्टल पर डाटा फीडिंग प्राथमिकता के आधार पर की जाए। ई-कवच पोर्टल पर उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कैंसर जैसी गंभीर गैर संचारी बीमारियों की स्क्रीनिंग, जांच, उपचार और फॉलोअप से जुड़ी सभी सूचनाएं दर्ज की जाएंगी।
इसके तहत जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों एवं जिला अस्पताल को पोर्टल से जोड़ा गया है ताकि जिलेभर का डाटा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहे।