महराजगंज। महराजगंज जनपद में नहर की पटरी पर पिच रोड निर्माण को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई आगे बढ़ गयी है। इस सम्बन्ध में कार्यालय सहायक अभियंता प्रथम, सिचाई खंड प्रथम, महराजगंज की ओर से एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।
दरअसल पिछले साल इस संबंध में ग्राम व पोस्ट बागापार, जनपद महराजगंज निवासी उमेश चंद्र मिश्र ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश के मुख्य अभियंता गोरखपुर को प्रार्थना पत्र भेजकर नहर की पटरी पर पिच रोड बनवाने की मांग की थी।
इस पत्र में बताया गया कि जनपद महराजगंज के विकास खंड सदर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार के संत शरण सिंह स्टेट तिराहे से रामनगर बनहिया मार्ग, जो कि बौद्धकालीन प्राचीन शिव मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण आवागमन करते हैं। किन्तु नहर की कच्ची पटरी और गड्ढागुक्त होने की वजह से लोगों को बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
बरसात के मौसम में कीचड़ और फिसलन के कारण लोग बहुत परेशान हो जाते हैं। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
अब अभियंता की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत प्राप्त आवेदन और शिकायत के क्रम में नहर की पटरी पर पिच रोड निर्माण के विषय में जांच कराई गई। जांच में बताया गया कि किमी 2.700 से किमी 4.800 तक की पटरी वर्तमान में कच्ची अवस्था में है।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि बरसात के मौसम में कच्ची पटरी होने के कारण आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उक्त पटरी को पक्का (पिच रोड) किए जाने की आवश्यकता महसूस की गई है, ताकि स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
सहायक अभियंता प्रथम द्वारा संबंधित उच्चाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र प्रेषित किया गया है। अब विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नहर की पटरी पर पिच रोड निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह मार्ग पक्का हो जाता है तो क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।