Maharajganj News : फ्रिज से उठी चिंगारी बनी तबाही की वजह ! भीषण आग में जल गया सब कुछ
23-Jan-2026
Total Views |
चौक बाजार। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्रामसभा बागापार खास में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के चलते लगी भीषण आग से एक परिवार की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर लेखपाल मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा बागापार निवासी वंश बहादुर के घर में गुरुवार को फ्रीज में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सारा घरेलू सामान इसकी चपेट में आ गया। आग में करीब 80 हजार रुपये नकद समेत अन्य गृहस्थी के सामान जलकर राख हो गए।
आग इतनी तेजी से फैला कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घर से धुआं निकलते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
गनीमत रहा कि घर के सभी सदस्य सुरक्षित निकल आए। पीड़ित वंश बहादुर ने बताया कि आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही लेखपाल सुनील यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से जानकारी लेकर क्षति का आकलन रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंप दिया है।