Maharajganj News : पहले सिर्फ सोना महंगा था, अब तो चांदी भी हाथ से बाहर ! 3 लाख के पार पहुंची चांदी, शादी वाले घरों में बढ़ी चिंता

    23-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज। सराफा बाजार में चांदी की चमक में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। प्रति किलो का भाव तीन लाख रुपये पार कर चुका है। चांदी की बढ़ी कीमत के बाद भी सराफा बाजार में भीड़ में कोई कमी नहीं दिख रही है। कारोबारी बता रहे हैं कि भीड़ बढ़ी है और बिक्री भी लेकिन आभूषण की बजाए लोग निवेश के लिए नोट, सिक्के व बिस्किट की खरीदारी कर रहे हैं।

चांदी की चमक दिन-प्रतिदिन नए रिकॉर्ड बना रही है। मुख्यालय के कारोबारी गणेश वर्मा ने बताया कि चांदी की कीमत बढ़ने के बाद लोग हल्के वजन के आभूषण तलाश रहे हैं। वहीं निवेश के लिए नोट, सिक्के व चांदी के बिस्किट की बिक्री अधिक हो रही है। कारोबारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से चांदी की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है।

2.75 लाख रुपये किलो से बढ़कर भाव सीधे 2.90 लाख रुपये तक पहुंचा और सोमवार को तीन लाख के पार पहुंच गया। बुधवार को बाजार में चांदी का दाम 3.10 लाख रुपये प्रतिकिलो रहा। चांदी का भाव बढ़ने से आभूषण के ग्राहकों की संख्या घट रही है और निवेशक खरीदारी कर रहे हैं। 50 ग्राम तक चांदी के नोट की मांग के साथ सिक्कों की बिक्री बढ़ रही है। 100 से 200 ग्राम तक चांदी के बिस्किट भी निवेशक खरीद रहे हैं।


15 दिसम्बर के बाद लगा खरमास मकर संक्रांति के बाद हट चुका है। अव शुक्र के अस्त होने से सहालग अभी शुरू नहीं हुआ है लेकिन फरवरी व मार्च में खूब शहनाई बजेगी। सहालग के आयोजन वाले घरों में तैयारियां की जा री हैं। मऊपाकड़ के रामवृक्ष चौधरी ने बताया कि 5 मार्च को बेटी का व्याह लेकिन अब तक आभूषण नहीं खरीद सके।

पहले सिर्फ सोना ही महंगा था लेकिन चांदी की कीमत ने उसे भी पीछे छोड़ दिया। चांदी की बिछिया व पायल जैसे छोटे आभूषण भी महंगे बिक रहे हैं। शास्त्रीनगर निवासी प्रतिमा पटेल ने बताया कि चांदी और सोना आभूषण की जगह निवेश के लिए खरीदना ही बेहतर है। आभूषण वापस करने पर कुछ कटौती होती है लेकिन चांदी का सिक्का, नोट व बिस्किट इत्यादि का पूरा पैसा मिलता है।