Maharajganj News : हॉस्पिटल या टैक्सी स्टैंड ? नौतनवा के न्यू पीएचसी में मरीजों की मुश्किलें बढ़ीं
27-Jan-2026
Total Views |
नौतनवा। नौतनवा नगर क्षेत्र स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का परिसर इन दिनों इलाज से ज़्यादा वाहनों को लेकर चर्चा में है। अस्पताल का परिसर धीरे धीरे टैक्सी स्टैंड में बदल गया है।
अस्पताल परिसर में दिनभर टैक्सियों और अन्य निजी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे रोगियों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को आवाजाही में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप वाहनों के खड़े होने से एम्बुलेंस को भीतर ले जाने में समस्या उत्पन्न होती है। कई बार आपात स्थिति में रोगियों को लेकर आने वाली एंबुलेंस को बाहर ही रुकना पड़ता है, जिससे समय पर उपचार में बाधा उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।
रोगियों का कहना है कि परिसर में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अस्पताल तक पहुंचने में कठिनाई होती है। कुछ वाहन तो महीनों से परिसर में खड़े हैं।
अस्पतालकर्मियों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि अस्पताल परिसर से टैक्सी वाहनों को हटाया जाए, ताकि स्वास्थ्य केंद्र का मूल उद्देश्य प्रभावित न हो और रोगियों को राहत मिल सके।
क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही अभियान चलाकर इन वाहनों को हटवाया जाएगा।