Maharajganj News : एक नोटिस और मची अफरातफरी ! निचलौल तहसील में SIR फार्म की गलती ने मचाया हड़कंप

    27-Jan-2026
Total Views |

निचलौल। मंगलवार को निचलौल तहसील परिसर उस वक़्त खचाखच भर गया जब में मंगलवार को एसआईआर (SIR) फार्म में हुई त्रुटियों को लेकर जारी नोटिस ने लोगों की नींद उड़ा दी। फार्म में नाम, पता और अन्य विवरण में गलतियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले लोग सुबह से ही तहसील पहुंचने लगे।

नाम कटने की आशंका और नोटिस का जवाब देने की चिंता लोगों में साफ देखी गई। इस स्थिति से लोग काफी बेचैन नजर आए।

तहसील प्रशासन ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के लोगों के लिए दो अलग-अलग काउंटर स्थापित किए थे। इसके बावजूद, दोनों काउंटरों पर दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और तहसील परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। लोग अपने दस्तावेजों के साथ अधिकारियों से समस्या समाधान की गुहार लगाते दिखे।


उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका निस्तारण कराया। कई मामलों में त्रुटियों को मौके पर ही ठीक किया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों की लापरवाही या प्रशासनिक स्तर पर हुई चूक, जो भी कारण रहा हो, इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। तहसील पहुंचे लोगों ने बताया कि मामूली गलती के कारण नोटिस मिलने से वे मानसिक रूप से परेशान हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और आवश्यक कागजात के साथ संबंधित काउंटर पर संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान कराएं।