Maharajganj News : दो लाख के कर्ज के साथ 6 लाख की साजिश ! गाँव से बैंक तक आखिर क्या हुआ मैरून्निशा के साथ

    29-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज। जनपद में बैंक ऋण के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ पीड़ित परिवार बल्कि प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। ग्राम मोहनापुर, थाना श्यामदेऊरवा निवासी मैरून्निशा पत्नी हमीदुल्लाह ने बैंक प्रबंधन और एक स्थानीय व्यक्ति पर मिली भगत कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।

मामला यह है कि 2024 में पीड़िता को कुछ रुपयों की ज़रूरत थी तो उनके गाँव के एक व्यक्ति विजय प्रताप यादव (पुत्र संतराम यादव ) ने उन्हें बड़ौदा यूपी बैंक से लोन लेने की सलाह दी और उन्हें बैंक लेकर गए। वहां बैंक मैनेजर राहुल प्रताप सिंह से मिलवाया गया।

आरोप है कि बैंक से मात्र दो लाख रुपये का ऋण दिलाने की बात कही और लोन करा दिया 6 लाख 10 हज़ार का। पीड़िता का दावा है कि बैंक से बाहर निकलते ही एक लाख रुपये जबरन उधार ले लिए गए और शेष रकम को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनाई गई।


कुछ समय बाद जब बैंक की ओर से छह लाख दस हजार रुपये के बकाया का नोटिस मिला, तब पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोप है कि विजय प्रताप यादव से संपर्क करने पर पहले जल्द पैसा लौटने का वादा किया गया फिर टालमटोल और धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया। गाँव के सम्मानित लोगों के सामने लिखित आश्वासन भी दिया गया लेकिन तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गयी।

पीड़िता लगातार अपमान, गाली-गलौज और धमकियों से मानसिक रूप से टूट चुकी है। स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक बैंकिंग चूक है या फिर सुनियोजित साजिश ? जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी लेकिन फ़िलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।