Maharajganj News : शहरवासियों को मिल सकती है राहत ! गृहकर–जलकर में 30% कटौती का प्रस्ताव
29-Jan-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज की बोर्ड बैठक बुधवार को अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर पालिका क्षेत्र में जनसुविधाओं को बढ़ाने एवं नगरपालिका की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। बैठक में गृहकर एवं जलकर में 30 प्रतिशत की कमी कर आम लोगों को राहत पहुंचाने का भी प्रस्ताव रखा गया। बैठक की शुरुआत पूर्व निर्धारित एजेंडों पर चर्चा के साथ हुई।
बैठक में सभासद लालजी गुप्ता ने प्रस्ताव रखा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सूखा-गीला कूड़ा उठाने के लिए अतिरिक्त वाहनों की खरीद की जाए और बरात घर का 10,000 रुपये वार्षिक, बीस बेड से कम के नरसिंह होम का 4,000 रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क लिया जाए। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर गृहकर, जलकर एवं यूजर चार्ज नियमानुसार वसूला जाए।
सभासद अमितेश कुमार गुप्त ने प्रस्ताव रखा कि निजी, सरकारी एवं ट्रस्ट की जमीन पर सहमति के आधार पर दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के लिए पर्किंग बनाया जाए। प्लॉट व कृषि भूमि को छोड़कर शेष सभी प्रकार के भवनों पर गृहकर एवं जलकर में पूर्व में निर्धारित दर में 30 प्रतिशत की कमी की जाए। सभासद राणा पटेल ने प्रस्ताव रखा कि चिउरहां में बनीं दुकानों का आवंटन किया जाए।
इससे पूर्व पिछली बैठक की कार्रवाई को प्रधान लिपिक बैकुण्ठनाथ यादव ने अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार की उपस्थिति में पढ़कर सुनाया। बैठक में सर्वसम्मति से पिछली कार्रवाई की पुष्टि की गई। बैठक में सभासद दीपक, ब्रजकिशोर सिंह, जितेन्द्र कुमार, राजेन्द्र गौतम, ऋषिकेश पटेल, बृजेन्द्र पटेल, राहुल पाण्डेय, राणा पटेल, लालजी गुप्ता, तथा नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।