Maharajganj News : धूप निकलने के बाद भी नहीं राहत ! जिला अस्पताल में हड्डी रोगियों की बढ़ती भीड़, बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान

    30-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज।
बीते कुछ दस दिनों में ठंड में कुछ राहत मिलने के बावजूद भी हड्डी के रोगियों की संख्या में कमी नहीं आ रही हैं। विशेषकर बुजुर्ग और युवा कमर व घुटने में दर्द के चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में दो बजे तक चली ओपीडी में पहुंचे 884 मरीजों में 305 हड्डी रोग से पीड़ित शामिल रहे।

करीब दस दिन से सुबह में ठंड के बाद दोपहर में धूप हो रही है। इससे ठंड से राहत कुछ जरूर मिली है। मौसम बदलने के बाद भी हड्डी मरीजों की संख्या में कमी नहीं हुई है। बहुत जल्द विशेषकर बुजुर्ग कमर और घुटने के दर्द की चपेट में आ रहे हैं।

इसकी तस्दीक जिला अस्पताल के आर्थो ओपीडी में पहुंच रहे मरीज कर रहे हैं। गुरुवार को आर्थो ओपीडी में पहुंचे 305 मरीजों में 204 कमर दर्द और घुटने दर्द से पीड़ित शामिल रहे। इन पीड़ितों की उम्र 40 प्लस बताया गया है। डॉक्टर इन पीड़ितों को दवा लेने के साथ ही ठंड से बचने व नियमित संतुलित आहार लेने और व्यायाम करने की सलाह दी है।


ठंड में कमर व घुटने में दर्द होने के कारण जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार ने बताया कि ठंड में शरीर गर्मी बचाने के लिए जोड़ों में रक्त प्रवाह कम कर देता है। इससे जोड़ कठोर होने के साथ ही वहां पर दर्द शुरू हो जाता है। इतना ही नही जोड़ों के अंदर की नसों और ऊतकों पर दबाव बढ़ता है। इससे दर्द होना शुरू हो जाता है।

ठंड से मांसपेशिया, टेंडन और लिगामेंट्स सिकुड़ जाते हैं। इससे लचीलापन कम और तनाव बढ़ने से दर्द होने लगता है। ठंडी हवा से दर्द महसूस कराने वाली नसें अधिक संवेदनशील हो जाती हैं। इससे दर्द अधिक महसूस होता है। ठंड में लोग की सक्रियता में कमी हो जाती है। इससे जोड़ों की अकड़न और दर्द बढ़ जाता है।

कमर दर्द व घुटने की दर्द से बचाव

आर्थो सर्जन डॉ. अखिलेश पटेल ने बताया कि बीमारी से बचने के लिए नियमित व्यायाम करें। शरीर को गर्म रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। विटामिन डी युक्त संतुलित आहार लें। स्वास्थ्य प्रभावित होने पर तत्काल डॉक्टर से सलाह लें। बदले मौसम में हड्डी रोग के अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। गुरुवार को अपेक्षाकृत अधिक मरीज पहुंचे थे। भर्ती मरीजों के इलाज की लगातार मानीटरिंग की जाती है।