Up Politics : 6 जनवरी को जिले में दिखेगा सियासी उत्सव ! अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गृह जनपद आ रहे पंकज चौधरी

    04-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज।
नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी 6 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद आ रहे हैं। उनके प्रथम आगमन को यादगार बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं। शनिवार को जिलाध्यक्ष संजय पांडेय के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में स्वागत कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद की सीमा कतरारी से लेकर भाजपा कार्यालय तक स्वागत किया जाएगा। स्वागत मार्ग पर जगह-जगह सजावट, बैनर, पोस्टर और पार्टी के झंडे लगाए जाएंगे। कार्यकर्ताओं की टोलियां दिन-रात तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।


जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत नहीं बल्कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक बनेगा। पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनना जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखते हुए उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में पंकज चौधरी का अनुभव प्रदेश संगठन को मजबूती देगा। यह स्वागत कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के सम्मान और विश्वास का प्रतीक बनेगा तथा लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। इस दौरान जगदीश मिश्रा, प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. विवेक गुप्ता, जिला महामंत्री बबलू यादव, ओम प्रकाश पटेल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, बलराम दुबे, गोविंद जायसवाल, अमन पांडेय, राकेश अग्रहरी, संजीव शुक्ला उपस्थित रहे।