त्योहारों को लेकर अलर्ट हुआ जिला प्रशासन, डीएम और एसपी ने की पीस कमेटी की बैठक

    10-Oct-2026   
Total Views |

गोरखपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी में कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत तारों की स्थिति दुरुस्त रखने और संभावित खतरों को समय रहते दूर करने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान धर्मगुरुओं और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी अप्रिय घटना या सूचना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाए।

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख पूजा स्थलों, कार्यक्रम स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

बैठक में बताया गया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला प्रशासन और पुलिस ने आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया गया है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।