महराजगंज। आगामी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाली ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) प्रक्रिया के मद्देनजर जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का आश्वासन भी दिया।
दलों को FLC प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी
EVM वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आगामी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाली फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि एफएलसी की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य ईवीएम की जांच प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों को जानकारी देना और प्रक्रिया के प्रति पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने SIR -2026 से पूर्व मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान करने में सहयोग का अनुरोध किया, जो वर्तमान मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए हैं।
इसके साथ ही पहली बार मतदान करने के पात्र युवाओं यानी फर्स्ट टाइम वोटर्स के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रह जाए।