महराजगंज। फरेंदा क्षेत्र के आनंदनगर स्थित वार्ड नंबर 11 में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। फरेंदा उत्तरी बाईपास के पास सड़क पर पानी भरने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान बच्चों ने अब जिलाधिकारी से समस्या दूर कराने की गुहार लगाई है। बच्चों की भावुक अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
DM एंकल हमारी समस्या दूर कीजिये
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चे सड़क पर भरे पानी के बीच हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से अपनी परेशानी दूर करने की अपील करते नजर आ रहे हैं। बच्चे कहते हैं, डीएम अंकल हमारी जलभराव की समस्या को दूर करके और सड़क बनवा दीजिए।
बच्चो की इस अपील के जरिए वार्ड में जलभराव और सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा सामने आया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्या पर प्रशासन ध्यान देगा और राहत के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वार्ड नंबर 11 में फरेंदा उत्तरी बाईपास के पास सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क की खराब स्थिति और जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल, इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई या आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि वार्ड नंबर 11 के लोगों को जलभराव और बदहाल सड़क की समस्या से कब तक राहत मिलती है।