महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में शनिवार को रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सिसवा बाजार और घुघली के बीच मुंडेरी चौबे गांव के सामने रेलवे करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव को ट्रैक से हटवाकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी। शनिवार 10 अक्टूबर को सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। बताया गया कि ट्रेन संख्या 55096 के चालक ने सिसवा बाजार और घुघली के बीच रेलवे लाइन पर शव देखे जाने की जानकारी दी थी।
सूचना मिलते ही कोठीभार थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के नाम, पते और परिजनों के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुजुर्ग रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।