चौकी इंचार्ज पर महिला से मारपीट का आरोप, मचा हड़कंप

    12-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के टोला गोठवा की एक विवाहिता ने जोगियाबारी चौकी इंचार्ज पंकज सिंह पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं चौकी इंचार्ज ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान बीच-बचाव करते समय महिला ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया।

जानकारी के मुताबिक, विवाहिता मरियम खातून अपने ससुर के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची थीं। इसी दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। महिला ने चौकी इंचार्ज पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया है। 

मामले को लेकर जोगियाबारी चौकी इंचार्ज ने महिला उसके भाई और ससुर को बातचीत के लिए चौकी बुलाया था। महिला का आरोप है कि चौकी पर बातचीत के दौरान कहासुनी होने पर दरोगा ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। वहीं, उसने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके भाई को चौकी में बैठा लिया गया।

महिला के मुताबिक उसका पति दुबई में रहता है और वह कम्हरिया गांव में अपने चार बच्चों के साथ रहती है। जबकि चौकी इंचार्ज पंकज सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष चौकी पर आपस में उलझकर खींचतान करने लगे थे। वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो महिला ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया।

मामले में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। फ़िलहाल महराजगंज पुलिस ने जांच कर कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।

फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।