महराजगंज: गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के लिए नियम बनाने की मांग, DM को ज्ञापन

    12-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। शारदीय नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर महराजगंज में हिंदू जागरण मंच ने सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कार्यक्रमों में प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नियम बनाए जाने की मांग की है।

हिन्दू जागरण मंच ने पिछले वर्ष नौतनवा स्थित वाइट हाउस मैरेज हॉल में आयोजित डांडिया कार्यक्रम की व्यवस्था पर सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि ऐसे आयोजनों में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए सख्त नियम निर्धारित किए जाने चाहिए।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में गैर-हिंदुओं को प्रवेश की अनुमति न दी जाए। इसके लिए कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती कर आधार कार्ड की जांच के बाद केवल हिंदू लोगों को प्रवेश देने का सुझाव दिया गया।

इसके अलावा, हिंदू जागरण मंच ने आयोजकों से हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लगभग पांच कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में प्रवेश देने की मांग की। संगठन के अनुसार, इससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के  दौरान अमित शर्मा (गोलू), प्रभाकर पटेल, विपिन मौर्य और बबलू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। फिलहाल, संगठन ने आगामी नवरात्र आयोजनों को लेकर अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखी हैं। इन मांगों पर जिला प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर लोगों की नजर रहेगी।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।