महराजगंज में एक आंख वाले मेमने का जन्म, देखने उमड़ी भीड़

    12-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के बृजमनगंज विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सभा पृथ्वीपालगढ़ (मौजा बेलासपुर) में एक बेहद दुर्लभ और अद्भुत मामला सामने आया है। जहाँ एक मेमने के जन्म लेने से इलाके में हड़कंप मच गया। यहाँ के निवासी राजकुमार साहनी के घर उनकी पाली हुई बकरी ने एक ऐसे मेमने को जन्म दिया है, जिसके रूप-रंग ने देखने वाले हर शख्स को हैरान कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:00 बजे राजकुमार साहनी की बकरी ने एक मेमने को जन्म दिया। यह मेमना सामान्य जीवों से बिल्कुल अलग है। इस अनोखे जीव की दोनों सामान्य आंखें नहीं हैं, बल्कि इसके सिर के ठीक बीचों-बीच केवल एक ही आंख है। विज्ञान की भाषा में इसे भले ही एक दुर्लभ आनुवंशिक विसंगति माना जाए, लेकिन ग्रामीण इसे कुदरत का किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

इस अनोखे जन्म की खबर सबसे पहले क्षेत्र में चर्चा का विषय तब बनी, जब पृथ्वीपालगढ़ के पूर्व प्रधान प्रत्याशी जाहिद अली ने इसकी सूचना मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि जैसे ही इस अजीबोगरीब मेमने के जन्म की खबर आसपास के गांवों में फैली, वैसे ही इसे देखने के लिए लोगों की कतार लग गई।

देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़
इस अद्भुत घटना की जानकारी पूरे इलाके में तेजी से फैल गई है। बेलासपुर मौजा स्थित राजकुमार साहनी के घर पर इस दुर्लभ मेमने की एक झलक पाने के लिए दूर-दराज से ग्रामीण और जिज्ञासु लगातार पहुंच रहे हैं।

हर कोई इस अनोखे जीव को अपनी आंखों से देखने और अपने कैमरे में कैद करने के लिए उत्सुक नजर आ रहा है। फिलहाल, यह मेमना और उसका अनोखा स्वरूप पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग इसे कुदरत का एक अनूठा करिश्मा मानकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।