महराजगंज। महराजगंज के बड़हरा चरगहा, सीधरीहवा टोल और आसपास के गांवों में चकरोडों की बदहाली ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, गांवों में कुछ सड़कें तो ठीक हैं, लेकिन कई चकरोड इतने खराब हैं कि उन पर आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब चकरोडों के कारण हर साल ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पलटने की घटनाएं होती हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इन रास्तों से खेतों तक कृषि उपकरण और फसल ले जाने में भी काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों का दावा है की कुछ चकरोड ऐसे हैं, जिन्हें उन्होंने अपनी करीब 20 साल की उम्र में कभी बनते या ठीक होते नहीं देखा। लंबे समय से मरम्मत और निर्माण नहीं होने के कारण इन रास्तों की हालत लगातार खराब बनी हुई है।
ग्रामीणों ने विभाग और प्रशासन मांग की है कि गांवों के सभी खराब चकरोडों का सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके। अब देखना यह है की अधिकारी ग्रामीणों की समस्या पर कब ध्यान देते है और बदहाल चकरोडों को ठीक कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।