महराजगंज। निचलौल ब्लॉक की ग्राम सभा कटहरी स्थित शिव मंदिर परिसर में इस वर्ष शारदीय नवरात्रि का पर्व खास आकर्षण के साथ मनाने की तैयारी है। यहां दुर्गा पूजा सेवा समिति बजरंग दल शिव मंदिर की ओर से अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। आकर्षक बनावट और विशेष सजावट वाला यह पंडाल क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
सात लाख रुपये की लागत से बन रहा पंडाल
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं को विशेष धार्मिक अनुभूति कराने के उद्देश्य से अयोध्या के श्रीराम मंदिर के प्रारूप पर पंडाल तैयार कराया जा रहा है। इसके निर्माण पर करीब सात लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल की नक्काशी और सजावट को आकर्षक रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं।
56 सिर और 56 हाथों वाली मां दुर्गा की प्रतिमा होगी खास
इस बार पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। समिति की ओर से 56 सिर और 56 हाथों वाली मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। समिति को उम्मीद है कि इस अनोखी प्रतिमा के दर्शन के लिए क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचेंगे।
समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे
पंडाल निर्माण और आयोजन की तैयारियों में समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार के साथ धीरू मद्धेशिया, धीरज, संजय यादव, राहुल चौधरी, विजय पासवान, अखिलेश चौधरी, प्रमोद चौधरी और राज सहित अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं। समिति की कोशिश है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को भव्य सजावट और धार्मिक वातावरण का अनुभव मिल सके।